जम्मू और कश्मीर में हुई पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या , 24 घंटों के दौरान यह दूसरी हत्या

जम्मू और कश्मीर में शुक्रवार को एक विशेष पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस बात की पुष्टि पुलिस ने की है। खबर है कि अज्ञात हमलावरों ने SPO के घर में घुसकर गोली मारी थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। खास बात है कि बीते 24 घंटों के दौरान यह दूसरी हत्या है। गुरुवार को आतंकियों ने राहुल भट नाम के कश्मीरी पंडित की हत्या कर दी थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने पुलिसकर्मी रियाज अहमद को सिर और छाती में गोली मारी थी। इससे पहले कश्मीर जोन पुलिस ने जानकारी दी थी कि आतंकवादियों ने कॉन्स्टेबल रियाज अहमद ठोकेर को पुलवामा के गुडरू स्थित आवास पर गोली मारी थी। घटना के तुरंत बाद ही इलाके की घेराबंदी कर दी गई थी। फिलहाल, हमलावरों की तलाश जारी है।

चडूरा तहसील कार्यालय के कर्मचारी राहुल भट को आतंकियों ने बडगाम में गोली मार दी थी। घायल हालत में उन्हें अस्पतााल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया था। शुक्रवार को बंतालाब पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।

खास बात है कि जम्मू और कश्मीर में इस घटना के बाद से ही स्थानीय लोग जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। गुरुवार को लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने घटना की निंदा की थी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्या में दो आतंकवादी शामिल हैं और अपराध के लिए पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था।

Related Articles

Back to top button