केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख ने किया लखनऊ सरोजनीनगर के नटकुर गांव का निरीक्षण, चलेगा ये अभियान
कोरोना वैक्सीन के जागरुकता अभियान के तहत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडिया ने लखनऊ सरोजनीनगर के नटकुर गांव का निरीक्षण किया। कोविड टीकाकरण कल्सटर मॉडल-2 के तहत प्रदेश में बीते नौ नवंबर से शुरू हुए इस घर-घर दस्तक कार्यक्रम के तहत केन्द्रीय मंत्री ने गांव का भ्रमण किया।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अब जो परिवार कोविड टीका से पूर्ण प्रतिरक्षित हो गए हैं, उनके घर के बाहर एक स्टीकर लगाया जाएगा। स्टीकर पर लिखा जाएगा कि यह परिवार कोरोना की दोनों डोज लगवा चुके हैं।
यहां रहने वाले रामचंद्र रावत की पुत्रवधू सविता को कोविड-19 का टीका लगवाया गया। गांव पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह और राज्य मंत्री स्वाति सिंह भी मौजूद रही। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से गांव में कोविड-19 वैक्सीनेशन की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
सरोजनीनगर सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ अंशुमान श्रीवास्तव ने कहा कि नटकुर में कोरोना टीकाकरण को लेकर लोग जागरूक हैं। यहां 95 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। बाकी पांच फीसदी लोगों में दुविधा व आशंकाएं हैं।
वह हम दस्तक अभियान के तहत दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। डॉ अंशुमान ने बताया कि टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने में ग्राम प्रधान सावित्री देवी ने भी काफी सहयोग किया। अब तक गांव में कोरोना टीकाकरण के सात शिविर लगाए जा चुके हैं। पूरे क्षेत्र में घर-घर दस्तक अभियान चलाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक किया जा रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने ग्रामीणों से मिले। उनके घर गए। ग्रामीणों को वैक्सीन के फायदे बताए। कोविड प्रोटोकाल का पालन करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि दस्तक अभियान से टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरुक करने में मदद मिलेगी। अभियान को रफ्तार भी मिलेगी।