कान्हाकुंड चट्टान को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी सरकार, आनंद महिंद्रा का जताया आभार

भुवनेश्वर:  ओडिशा सरकार सुंदरगढ़ जिले में इब नदी पर स्थित कान्हाकुंड चट्टान को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। सरकार ने शनिवार को चट्टान संरचना की वास्तिवक स्थिति की पुष्टि के लिए एक टीम भेजी है। उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने इस स्थान के बारे में सरकार को सूचित किया था।

ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने कहा कि राज्य सरकार इस स्थान को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी। परिदा पर्यटन विभाग की प्रभारी हैं।

उपमुख्यमंत्री ने आनंद महिंद्रा का धन्यवाद किया
परिदा ने कहा, ‘हम इस स्थान को हमारे संज्ञान में लाने के लिए आनंद महिंद्रा को धन्यवाद करते हैं। कभी-कभी ऐसा होता है कि राज्य सरकार ऐसे स्थानों को छोड़ देती है, जिन्हें प्रकृति प्रेमियों और अन्य लोगों द्वारा उजागर किया जाता है। हम निश्चित रूप से उस स्थान को विकसित करेंगे और कान्हाकुंड को वैश्विक पर्यटन स्थल बनाने में आनंद महिंद्रा से परामर्श करेंगे।’

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को स्थल का मौक पर सत्यापन के लिए आदेश जारी कर दिया है। वह जल्द ही पर्यटन स्थल पर पहुंचेंगे।

संबलपुर-राउरकेला से 130 किलोमीटर दूर है कान्हाकुंड
बता दें कि कान्हाकुंड इब नदी पर एक प्राकृतिक चट्टान संरचना है। संबलपुर और राउरकेला से लगभग 130 किलोमीटर दूर सुंदरगढ़ जिले में स्थित है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरपर्सन आनंद महिंद्रा ने हाल ही में प्रकृति प्रेमी आर्यांश द्वारा की गई एक री-पोस्ट के माध्यम से इस अनोखे पर्यटन स्थल के बारे में ओडिशा सरकार को सूचित किया था। उन्होंने इस जगह की तीन तस्वीरें भी साझा की थीं।

27 फरवरी को आनंद महिंद्रा ने पोस्ट कर दी जानकारी
आनंद महिंद्रा ने 27 फरवरी को एक्स पर एक पोस्ट की, जिसमें लिखा, ‘इसकी तुलना ग्रैंड कैन्यन से करने की कोई जरूरत नहीं है। यह अपने आप में अनोखा है। मुझे यकीन नहीं है कि ये तस्वीरें फोटोशॉप की गई हैं, लेकिन अगर ये कुछ हद तक भी सच हैं, तो ये संरचनाएं अद्भुत हैं। उन्होंने ओडिशा टूरिज्म को टैग करते हुए पूछा- हम इसे पहले राष्ट्रीय गंतव्य और फिर वैश्विक हॉट स्पॉट बनाने के लिए क्या कर सकते हैं?’

Related Articles

Back to top button