ताजमहल देखने आ रहे हैं… तो सुबह 10 बजे के बाद आएं, आज मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू करेंगे दीदार

आगरा:  ताजमहल का दीदार मंगलवार को करना है तो सुबह 10 बजे के बाद ही आएं। मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू अपनी पत्नी के साथ ताजमहल देखने आ रहे हैं। वह सुबह 9 से 10 बजे के बीच ताजमहल देखेंगे। इस कारण ताज आम पर्यटकों के लिए सुबह 7:55 बजे ही बंद कर दिया जाएगा।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि सुबह सूर्योदय के समय ताजमहल के गेट तय समय पर खुलेंगे। सुबह 6:15 बजे टिकटों की बिक्री बंद कर दी जाएगी ताकि 6:30 बजे तक टिकट खरीदने वाला हर पर्यटक प्रवेश कर सके। सुबह 7:55 बजे ताजमहल को खाली कराकर इसके दोनों प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे, जो मालदीव के राष्ट्रपति के आने पर ही खुलेंगे। राष्ट्रपति के जाने के बाद ही ताजमहल के गेट और टिकट काउंटर खोले जाएंगे। ऐसे में ताजमहल का दीदार करने आएं तो सुबह 10 बजे के बाद ही आएं।

सुबह आगरा किला, सीकरी स्मारक देखें
टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने गाइडों के साथ पर्यटकों को सलाह दी है कि सुबह मालदीव के राष्ट्रपति के कारण ताज बंद रहेगा। ऐसे में सुबह आगरा किला और एत्माद्दौला स्मारक का दौरा कर सकते हैं। जो पर्यटक फतेहपुर सीकरी जाना चाहते हैं, वह भी सुबह सीकरी देखने के बाद दोपहर में ताज आ सकते हैं।

खेरिया पर योगेंद्र उपाध्याय करेंगे स्वागत
मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू और प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद का स्वागत आगरा में खेरिया एयरपोर्ट पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय करेंगे। राष्ट्रपति एयरपोर्ट से सीधे शिल्पग्राम पहुंचेंगे। वहां उन्हें प्रदेश की संस्कृति और धरोहर से अवगत कराने के लिए मयूर नृत्य और रास प्रदर्शित किया जाएगा। ताजमहल भ्रमण के बाद एयरफोर्स स्टेशन के खेरिया टेक्निकल एयरपोर्ट से मालदीव के लिए रवाना होंगे। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि यह भारत और मालदीव के मैत्रीपूर्ण संबंधों को और सुदृढ़ करने का एक ऐतिहासिक पल होगा।

Related Articles

Back to top button