गठबंधन से पहले जयंत को करना चाहिए था ये जरूरी काम, 14 को MSP को लेकर BKU का दिल्ली कूच

मेरठ: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि राजनैतिक पार्टियों के गठबंधन तो होते रहते हैं, और टूटते रहते हैं। भाकियू राजनैतिक पार्टी नहीं है। भाकियू ने हमेशा किसानों के हकों की लड़ाई लड़ने का कार्य किया है शुक्रवार को महाशिवरात्रि के पर्व पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत जिवाना गांव में स्थित श्री सिद्ध गुरु नीलकंठ आश्रम में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे। उन्होंने आश्रम के सिद्ध गुरु महाराज से आशीर्वाद लिया।

आश्रम में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने भाजपा रालोद के गठबंधन के बारे में कहा कि राजनैतिक पार्टियों के गठबंधन होते रहते हैं, और टूटते रहते हैं। उन्होंने कहा कि रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष को गठबंधन करने से पहले बड़े किसान नेताओं से बातचीत करनी चाहिए थी। भाकियू राजनैतिक पार्टी नहीं है। भाकियू को कोई फर्क नहीं पड़ता किसका गठबंधन किससे हो रहा है।

एमएसपी कानून के लिए 14 मार्च को दिल्ली कूच करेंगे किसान : राकेश टिकैत
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि वह संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 14 मार्च को दिल्ली रामलीला मैदान में किसान महापंचायत में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कृषि यंत्र प्रदूषण से मुक्त हो, एमएसपी कानून बने। उन्होंने किसान मोर्चा के आह्वान पर 14 मार्च को भाकियू पदाधिकारियों व किसानों से दिल्ली के रामलीला मैदान में पहुंचने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सरकार का जो घोषणा पत्र था, उसका पता ही नहीं चला। आज तक वह घोषणा पत्र लागू ही नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि विद्युत नलकूप की जो बिल फ्री की घोषणा हुई है, वह पूर्ण रूप से फ्री हो। किसानों को विद्युत कनेक्शन निशुल्क मिलें। कहा कि किसान एकजुट हों और अपनी लड़ाई लड़ें। किसानों को संघर्ष करना होगा। सरकार की गलत नीतियों का विरोध करना जरूरी है।

Related Articles

Back to top button