मायावती ने आनंद कुमार को हटाया, सहारनपुर के रणधीर बेनीवाल को नेशनल कॉर्डिनेटर बनाया, जानें कौन हैं ये

सहारनपुर: जेजेपुरम निवासी रणधीर सिंह बेनीवाल को बहुजन समाज पार्टी में नेशनल कोर्डिनेटर की जिम्मेदारी मिली है। पार्टी सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपने भाई आनंद कुमार को नेशनल कॉर्डिनेटर पद से हटाते हुए रणधीर बेनीवाल पर भरोसा जताया है। इससे जनपद के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है।

रणधीर बेनीवाल नगर पालिका सहारनपुर में सभासद भी रहे हैं। उनकी पुत्रवधू पहले बोर्ड में पार्षद रही हैं। वह शुरू से ही बहुजन समाज पार्टी का झंडा थामे रहे। उन्हें 2014 में सहारनपुर जिला प्रभारी पद की जिम्मेदारी पार्टी ने दी थी। इसके बाद 2016 से 2018 तक वह सहारनपुर और मेरठ मंडल के भाईचारा कमेटी के मंडल प्रभारी रहे। जून 2018 से वह हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और चंडीगढ़ के प्रभारी हैं, जो लगातार इन राज्यों में पार्टी की मजबूती के लिए काम करते रहे।

रणधीर बेनीवाल शांत स्वभाव के अनुशासित नेता माने जाते हैं। यही वजह है कि पार्टी सुप्रीमो मायावती ने अपने भाई आनंद के बाद उन पर भरोसा जताते हुए नेशनल कॉर्डिनेटर पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उनको जिम्मेदारी दिए जाने से एक ओर जहां उनका परिवार गदगद है। वहीं जिला स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में भी खुशी की लहर है।
जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद का कहना है कि सहारनपुर से नेशनल कॉर्डिनेटर होना सहारनपुरवासियों के लिए गौरव की बात है। निश्चित रूप से बेनीवाल बहनजी की उम्मीद पर खरा उतरकर पार्टी को मजबूती देंगे।

बहनजी के आदेश का होगा पालन
रणधीर सिंह बेनीवाल ने कहा कि उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। जिन भी राज्यों की जिम्मेदारी मिलेगी, मेहनत के साथ काम किया जाएगा। 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए विशेष रणनीति बनाकर सभी धर्मों और जाति के लोगों को पार्टी से जोड़कर बसपा को मजबूत किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button