मायावती की भतीजी पर ससुराल में जुल्म, पति नपुंसक; जेठ से संबंध का दबाव

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बहुजन समाज पार्टी की मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की भतीजी अपने ही ससुराल में अत्याचार का शिकार हुई है। भतीजी ने ससुराल वालों और अपने पति पर बहुत ही गंभीर आरोप लगाया है। लड़की का आरोप है कि उसके ससुराल वाले में 50 लाख रुपये और इंदिरापुरम में फ्लैट की मांग कर रहे थे। इतना ही नहीं एफआईआर में भतीजी ने लिखा है कि शादी से पहले पति बॉडी बनाने के चक्कर में स्टेरायड के इंजेक्शन लगाता था, इस कारण वह नपुंसक हो गया। जिसके बाद से वह उससे अलग रहने लगा। बच्चा पैदा करने के लिए ससुराल पक्ष के लोगों ने जेठ से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया।

सात लोगों पर एफआईआर
मायावती की भतीजी ने सास हापुड़ नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी, ससुर श्रीपाल सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद बसपा जिलाध्यक्ष डॉ. एके कर्दम ने बसपा सुप्रीमो के आदेश के बाद पुष्पा देवी, श्रीपाल व पुत्र विशाल को बसपा से निष्कासित कर दिया। यह घटना राजनीतिक क्षेत्र में भी चर्चाओं का विषय बनी हुई है। दरअसल, पुष्पा देवी बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं। उनके पति श्रीपाल आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां करने में लगे हुए थे।

पुलिस से नहीं मिली मदद तो पीड़िता पहुंची कोर्ट
पीड़िता का आरोप है कि 17 मार्च की घटना के बाद वह परिजनों के साथ कोतवाली गई थी। लेकिन, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। 21 मार्च 2025 को उसने एसपी से शिकायत की। लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। न्याय के लिए उसने न्यायालय की शरण ली। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button