गुजरात से संगठन सृजन अभियान शुरू करेंगे राहुल गांधी, पार्टी में सुधार-संगठन को मजबूत करने का प्रयास

अरवल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को गुजरात के अरावली जिले के मोडासा क्षेत्र में ‘संगठन सृजन अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। इसका उद्देश्य जिला कांग्रेस समितियों को सशक्त बनाकर पार्टी के संगठन को मजबूत बनाना और जवाबदेही की एक नई प्रणाली शुरू करना है। पार्टी के अभियान की शुरुआत करने के लिए राहुल गांधी गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। यह पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 2025 को ‘संगठनात्मक सुधारों का वर्ष’ बनाने के आह्वान के अनुरूप एक कार्यक्रम है।
केसी वेणुगोपाल ने दी राहुल के दौरे की जानकारी
वहीं एक हफ्ते पहले अहमदाबाद में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) की बैठक के दौरान भी इस प्रतिबद्धता को दोहराया गया था। कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के दौरे के बारे में बात करते हुए एक्स पर लिखा, ‘आज और कल, राहुल गांधी इस प्रक्रिया को शुरू करने के लिए गुजरात में होंगे। वे अरावली जिले के मोडासा में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की शुरुआत करेंगे। इसका पहला उद्देश्य जिला कांग्रेस समितियों और उनके अध्यक्षों को सशक्त बनाकर और जवाबदेही की एक नई प्रणाली शुरू करके पार्टी संगठन को मजबूत करना है।’
भाजपा से मिले लोगों को बाहर करना है- राहुल
बता दें कि, राहुल गांधी ने पहले गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा था कि पार्टी से कुछ ऐसे लोगों को बाहर करने की जरूरत है जो भाजपा के साथ मिले-जुले हैं। अगर हम (लोगों के साथ) रिश्ता बनाना चाहते हैं, तो हमें दो काम करने होंगे, पहला काम इन दो समूहों (वफादारों और भाजपा समर्थकों) को अलग करना है, सख्त कार्रवाई करनी होगी। अगर हमें दस, पंद्रह, बीस या तीस लोगों को भी हटाना पड़े, तो हमें उन्हें हटाना चाहिए। भाजपा के लिए काम करने वालों की आलोचना करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘आप अंदर से भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। आपके लिए यहां कोई जगह नहीं है।’