सांसद रामजीलाल सुमन के पक्ष में सड़क पर उतरी समाजवादी पार्टी, पुलिस से हुई नोकझोंक; जमकर की नारेबाजी

ललितपुर:  सांसद रामजीलाल सुमन के आगरा स्थित आवास पर 26 मार्च को करणी सेना के पदाधिकारियों द्वारा आवास सहित उनकी गाड़ियों को निशाना बनाया गया। इतना ही नहीं सांसद के परिजनों पर हमला किया गया था। जिसके विरोध में समाजवादी पार्टी एकजुटता के साथ शनिवार को सड़क पर उतरी और सपा जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया है।

शनिवार को बाबा साहब अम्बेडकर पार्क में सपा नेताओं के जुटने का सिलसिला शुरू हुआ। जहां भारी संख्या में प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी पहुंचे। इस दौरान पुलिस कर्मियों से सपाईयों की नोकझोंक भी हुई। बाद में सपा जिलाध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।

सपाईयों ने बाबा साहब अम्बेडकर पार्क से पैदल चलते हुए तुवन चौराहा होते कलेक्ट्रेट परिसर में कूच किया। जहां सपाई पुलिस के घेरे में रहे। राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में सपा जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह यादव ने कहा कि सपा सांसद एवं वरिष्ठ नेता रामजी लाल सुमन के घर तोड़फोड़ करने वाले आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। जब लोकतंत्र के सबसे बड़े सदन में सांसद सुरक्षित नहीं है, तो सोचो दलित वर्ग का क्या हाल होता होगा, इसी घटना से अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। योगी सरकार पर कानून व्यवस्था संभालने नहीं संभल रही है। प्रदेश में गुंडाराज कायम है, आज हमारी बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, प्रतिदिन प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार जैसी कई घटनाएं घट रही हैं और सरकार अपनी झूठी उपलब्धियों का बखान कर रही हैं।

इसके बाद झांसी ललितपुर लोकसभा बूथ प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह यादव ने कहा कि हम दलितों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। यदि हमारे दलित समाज के सम्मान को ठेस पहुंचती है तो समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में बड़ा जन आंदोलन छेड़ देगी। उन्होंने आगे कहा कि यह देश बाबा साहब अम्बेडकर के संविधान से चलेगा, किसी की तानाशाही से नहीं चलेगा, मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।

Related Articles

Back to top button